किन्नौर में दिव्यांग दिवस का जिला समारोह

rakesh nandan

03/12/2025

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कल्याण कार्यालय किन्नौर द्वारा रिकांग पियो स्थित बचत भवन में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग दिवस का महत्व विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को समाज और राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने में निहित है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा उन्हें सरकारी नौकरियों में 4% आरक्षण और एचआरटीसी बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे दिव्यांगजनों को सहयोग देने में संवेदनशील और सक्रिय भूमिका निभाएं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजन आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और कई उदाहरण ऐसे हैं जो सक्षम लोगों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अपनी समस्याओं व मांगों को खुलकर रखने का आग्रह किया। दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगजन की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था। जिला कल्याण अधिकारी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सा विभाग और जिला आयुष विभाग द्वारा विशेष निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया।

दिव्यांग कल्याण संघ किन्नौर के अध्यक्ष राजेंद्र नेगी ने मुख्य अतिथि को दिव्यांगजनों की समस्याओं से अवगत करवाते हुए एक मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा योग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को उपायुक्त ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी घनश्याम दास शर्मा, जिला श्रम कल्याण अधिकारी सपन जसरोटिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुभद्रा नेगी, जिला कार्यक्रम कार्यालय के अधीक्षक संजोक सिंह मेहता, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।