राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने जनता की विभिन्न शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
मंत्री ने किन्नौर जिला में संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम की मूरंग-हरिद्वार बस सेवा को नियमित रूप से संचालित करने और ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क सड़कों पर सुरक्षित बस सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा तथा लाडा के तहत चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में रूपी वैली में ट्रांसफॉर्मरों के स्तरोन्नयन, सांगला वैली में नदी-खड्डों के तटीकरण, नागरिक अस्पताल चांगो में स्टाफ की नियुक्ति, पूह उपमंडल में पेयजल समस्या के समाधान और कोठी ग्राम पंचायत में सोलर लाइट लगाने जैसे मुद्दों पर भी निर्णय लिए गए।
इस अवसर पर अग्निशमन सेवाओं को लेकर फैली खबरों का खंडन करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अग्निशमन वाहनों के लिए ईंधन आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और बकाया भुगतान चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर सरकारी सदस्य तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
