किन्नौर में जिला योजना समिति बैठक, मंत्री नेगी के निर्देश

rakesh nandan

07/01/2026

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के रिकांग पिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति की बैठक की अध्यक्षता की।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में लंबित विकास कार्यों और जन शिकायतों के निवारण से जुड़े मामलों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्यवाही का विस्तृत ब्यौरा भी तलब किया।

राजस्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों को समय पर पूरा नहीं किया जा रहा है, उन्हें तत्काल ब्लैकलिस्ट कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनजातीय विकास मंत्री ने श्रमिक कल्याण, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, खाद्य सुरक्षा, गरीबी उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, ग्रामीण सड़कों के रख-रखाव और नशा निवारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक ज़मीनी स्तर पर पहुंचे।

इसके अतिरिक्त मंत्री ने पूह बस अड्डे से प्रस्तावित नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के मध्य भूमि की निशानदेही करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में विकास कार्यों के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक की कार्यवाही का संचालन घनश्याम दास शर्मा ने किया और विभिन्न विकासात्मक मदों की जानकारी दी।

इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, वनमंडलाधिकारी अरविंद कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रवींद्र सिंह ठाकुर, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।