किन्नौर में मशीन ऑपरेटर के 100 पदों हेतु परिसर साक्षात्कार

rakesh nandan

19/01/2026

जिला रोजगार अधिकारी किन्नौर सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि जिला किन्नौर में औरौ वीविंग मिल्स (इकाई वर्धमान टैक्सटाइल्स लिमिटेड), साई रोड बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा लड़कों एवं लड़कियों के लिए मशीन ऑपरेटर के 100 पदों को भरने के लिए परिसर साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए फिटर के 5 पद, इलेक्ट्रॉनिक्स के 2 पद, जबकि सिलाई तकनीक, कढ़ाई एवं फैशन डिजाइनिंग में 50 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त दसवीं व बारहवीं पास उम्मीदवारों के लिए 43 पद भरे जाएंगे।

सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को 12,750 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए हॉस्टल सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवारों का रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं हुआ है, वे eemis.hp.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों एवं रिज्यूमे सहित 29 जनवरी, 2026 को प्रातः 10:00 बजे जिला रोजगार कार्यालय, रिकांगपिओ में उपस्थित होना सुनिश्चित करना होगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 88947-19920 या 01786-222291 पर संपर्क कर सकते हैं।