किन्नौर में प्रवेश द्वार का शिलान्यास

rakesh nandan

06/01/2026

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के तीन दिवसीय दौरे के प्रथम दिन चौरा पहुंचकर नव निर्मित होने वाले किन्नौर प्रवेश द्वार का शिलान्यास किया।

इसके उपरांत मंत्री ने विकास खंड कल्पा की सांगला वैली स्थित ग्राम पंचायत ब्रुआ में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित बौद्ध मंदिर भवन तथा 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने राज्य आपदा राहत मैन्युअल में बदलाव कर आपदा प्रभावित लोगों को बड़ी राहत दी है। क्षतिग्रस्त मकानों की सहायता राशि 1 लाख 30 हजार रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये तथा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये की गई है।

जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार सदैव निर्धन और उपेक्षित वर्गों के साथ खड़ी रही है। वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, नो-तोड़ अधिनियम-1968 और मनरेगा-2005 जैसे कानून गरीबों और वंचितों के संरक्षण व उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम हैं।

राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला किन्नौर के भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ और कानम के विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने ब्रुआ गांव की सड़क को पक्का करने, ब्रुआ खड्ड में सुरक्षा दीवार लगाने और कंडें सड़क को शीघ्र खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि इन कार्यों से भूस्खलन की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से हल करने का आश्वासन दिया।

ग्राम पंचायत ब्रुआ की प्रधान गीता देवी ने मंत्री का स्वागत किया और पंचायत की समस्याओं से अवगत करवाया। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रत्येक महिला मंडल को 15 हजार रुपये तथा एकल गीत प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 2 हजार रुपये की नकद राशि देने की घोषणा की।

इस अवसर पर एपीएमसी किन्नौर व शिमला के निदेशक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सरोज नेगी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।