कल्पा में जल योजना का लोकार्पण : नेगी

rakesh nandan

23/12/2025

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के कल्पा विकास खंड के लिए ₹4 करोड़ 56 लाख की लागत से निर्मित जल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया तथा लगभग ₹18 करोड़ की लागत से होने वाले बोक्टू कूहल नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और सभी उचित मांगों के चरणबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।

जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि इस जल आपूर्ति योजना से कल्पा, शुदारंग, दूनी, तेलंगी, युवारंगी और ख्वांगी पंचायतों के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में जल संकट से राहत मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

मंत्री ने कहा कि कल्पा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल को विकसित करने के लिए सरकार योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके।

उद्यान मंत्री ने बताया कि सीमांत बागवानों को राहत देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा मंडी मध्यस्थता योजना के तहत एचपीएमसी के माध्यम से एक लाख मीट्रिक टन सेब ₹12 प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा गया है, ताकि बागवानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्षा सरोज नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्पा प्रीतम नेगी, जिला कांग्रेस महासचिव अधिवक्ता निर्मल चंद्र नेगी, राज्य इंटक उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह नेगी, उपपुलिस अधीक्षक उमेश्वर सिंह राणा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, उपनिदेशक उद्यान डॉ. भूपेंद्र नेगी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश धीमान, खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।