कालाआम्ब–त्रिलोकपुर में विकास कार्य ठप: राजीव बिंदल का आरोप

rakesh nandan

09/01/2026

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर कालाआम्ब–त्रिलोकपुर क्षेत्र की जनता के साथ धोखा, अन्याय और शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए जनहित के विकास कार्यों को कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया। राजीव बिंदल शुक्रवार को अपने बूथ संपर्क अभियान के तहत कालाआम्ब और त्रिलोकपुर पंचायतों में आयोजित बूथ स्तरीय बैठकों में भाग ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने खरकों, पोठिया, त्रिलोकपुर और ओगली बूथों पर कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मजबूती और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की।

त्रिलोकपुर पीएचसी पर कांग्रेस सरकार ने लगाया ताला

राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में संपूर्ण बजट और स्टाफ स्वीकृति के बाद त्रिलोकपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोला गया था, लेकिन कांग्रेस सरकार बनते ही इस स्वास्थ्य केंद्र को बंद कर दिया गया। इसका खामियाजा त्रिलोकपुर और पालियों क्षेत्र के हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें इलाज के लिए हरियाणा के निजी अस्पतालों में जाना मजबूरी बन गया है।

पंचकर्म चिकित्सा संस्थान की संभावनाओं को किया समाप्त

उन्होंने कहा कि त्रिलोकपुर में आयुर्वेद चिकित्सालय और पशु चिकित्सालय के लिए बड़े भवनों की आवश्यकता थी। यहां कम से कम 30 बिस्तरों वाला अस्पताल और पंचकर्म चिकित्सा का बड़ा संस्थान स्थापित किया जा सकता था, लेकिन पीएचसी को बंद कर कांग्रेस सरकार ने बड़े अस्पताल की संभावनाओं पर ही ताला लगा दिया।

ईएसआईसी अस्पताल तक पहुंचना बना चुनौती

राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से केंद्र सरकार से कालाआम्ब में ईएसआईसी अस्पताल की स्वीकृति मिली, भूमि चिन्हित हुई और शिलान्यास हुआ। आज यह अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन प्रदेश सरकार की उदासीनता के कारण अस्पताल के संचालन में बाधाएं पैदा की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल तक पहुंचने वाली सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सड़कों की दुर्दशा कांग्रेस की देन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय त्रिलोकपुर क्षेत्र में नीमवाली, अंधेरी, मझांडा, बुढ़डियों और जाटांवाला जैसे कई पुलों का निर्माण किया गया था। लेकिन आज सड़कों की बदहाली कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय हुए विकास कार्यों की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाएं तोड़ी जा रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को ग्रहण लगाया गया है। राजीव बिंदल ने कहा कि जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से पूरी तरह निराश हो चुकी है और अब उसे उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।