भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 13 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शिमला आगमन पर उमड़ा जनसैलाब ऐतिहासिक और अभूतपूर्व रहा। उन्होंने कहा कि राजधानी शिमला में बना वातावरण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक भविष्य का स्पष्ट संकेत है। डॉ. बिंदल ने कहा कि बिहार में भाजपा एवं एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला हिमाचल प्रवास था। इस अवसर पर जनता का जो उत्साह, समर्थन और विश्वास देखने को मिला, उसने यह साबित कर दिया कि प्रदेश का जनमानस अब वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुका है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 4 दिसंबर को धर्मशाला में कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कुशासन के खिलाफ हुए विशाल प्रदर्शन के बाद 13 दिसंबर का शिमला कार्यक्रम कांग्रेस के लिए दूसरा बड़ा राजनीतिक संदेश है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि हिमाचल की सत्ता अब कांग्रेस के हाथों में अधिक समय तक नहीं रहने वाली। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने संबोधन में तथ्यों के साथ कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया और यह स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास कार्यों में बाधा डाल रही है। उन्होंने इस भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, कार्यकर्ताओं और भाजपा टीम को बधाई दी तथा शिमला संसदीय क्षेत्र, किन्नौर, स्पीति, आनी और करसोग से पहुंचे कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया।