नड्डा ने किया भाजपा कार्यालय का शिलान्यास

rakesh nandan

14/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज एयरपोर्ट रोड स्थित डीएवी स्कूल के समीप मजठाई में भाजपा प्रदेश कार्यालय का विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास स्थल पर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लगभग 45 मिनट तक चले विधि-विधानपूर्ण शिलान्यास पूजन में भाग लिया। इसके पश्चात उन्होंने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। कार्यक्रम पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत रहा।

भूमि निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रस्तावित भाजपा प्रदेश कार्यालय भवन की योजना का विस्तृत विवरण राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नड्डा ने कार्यालय परिसर की संरचना, कार्यात्मक आवश्यकताओं और भविष्य में इसकी उपयोगिता को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया। जेपी नड्डा द्वारा कलश स्थापना किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर संवाद किया, जिसमें संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और पार्टी की भावी रणनीति पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सतपाल सत्ती, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह, भक्ति और संगठनात्मक संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ, जो हिमाचल भाजपा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक बना।