जल तरंग जोश महोत्सव का भव्य समापन, पर्यटन अध्यक्ष आर.एस. बाली बोले—“यह उत्सव हिमाचल के पर्यटन विकास की मजबूत कड़ी”

rakesh nandan

24/11/2025

जिला बिलासपुर के गोविंद सागर झील के लुहणू मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जल तरंग जोश महोत्सव—2025 का आज भव्य समापन अध्यक्ष पर्यटन (कैबिनेट रैंक मंत्री) आर.एस. बाली ने किया। महोत्सव के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने इस उत्सव को यादगार बना दिया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए आर.एस. बाली ने कहा कि यह महोत्सव अब प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन उत्सव बन चुका है, जो आने वाले समय में हिमाचल में वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज़्म को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

विंग कमांडर नमांश स्याल को दी श्रद्धांजलि

समारोह के दौरान विंग कमांडर नमांश स्याल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। पूरे पंडाल में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया। आर.एस. बाली ने कहा कि नमांश स्याल ने देश का गौरव बढ़ाया है और उनकी वीरता सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।

स्मारिका का विमोचन

जिला प्रशासन द्वारा जल तरंग जोश महोत्सव की यादों को संजोने के लिए तैयार की गई विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

उपस्थित रहे

समारोह में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, निदेशक मत्स्य विवेक चंदेल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।