राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला किन्नौर के प्रवास के दौरान देवी चंडिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई आरंभ की जा चुकी है तथा प्रदेश के विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके साथ ही राजीव गांधी डे-बोर्डिंग विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश गुणवत्ता आधारित शिक्षा में देश में पांचवें स्थान पर है, जबकि पूर्व भाजपा सरकार के समय यह 21वें स्थान पर था। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत जनजातीय जिला किन्नौर में 1000 से अधिक भूमिहीनों को भूमि के मालिकाना हक प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा के समय केंद्र सरकार ने प्रदेश के साथ भेदभाव किया, जबकि राज्य सरकार ने आपदा राहत मैन्युअल में संशोधन कर क्षतिग्रस्त मकानों पर 7 लाख रुपये और पशु हानि पर 55 हजार रुपये का मुआवजा सुनिश्चित किया है।
बागवानी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू किसान और बागवान हितैषी हैं। इसी के तहत एचपीएमसी द्वारा एक लाख मीट्रिक टन सेब की खरीद की गई है, जिससे सीमांत बागवानों को लाभ मिला है। मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का शारीरिक और बौद्धिक विकास समान रूप से आवश्यक है, जिसके लिए खेल और साहसिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर मंत्री ने देवी चंडिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी को 50 हजार रुपये, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को सात-सात हजार रुपये तथा विद्यालय बैंड को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। प्रधानाचार्य उमा मेहता ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह में कल्पा के उपमंडलाधिकारी अमित कल्थाईक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
