नैनादेवी में अंतर-पीढ़ी संवाद व सुरक्षित वृद्धावस्था कार्यशाला

rakesh nandan

10/02/2026

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में उप-मंडल श्री नैनादेवी जी के पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस स्वारघाट में अंतर-पीढ़ी संवाद कार्यक्रम एवं सुरक्षित वृद्धावस्था विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) धर्मपाल ने की, जबकि मंच संचालन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा बिलासपुर के सचिव अमित कुमार ने किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में बढ़ती आयु से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना, डिजिटल साक्षरता को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं एवं बुजुर्गों के बीच संवाद को सशक्त बनाकर पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के प्रारम्भ में तहसील कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

इस अवसर पर एसडीएम धर्मपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता तथा दादा-दादी के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बड़ों का सम्मान भारतीय संस्कृति की आत्मा है और वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव समाज को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने दादा-दादी के साथ संबंधों पर उत्साहपूर्वक विचार साझा किए। साथ ही श्री नैनादेवी जी उप-मंडल में रेड क्रॉस सोसायटी की वरिष्ठ नागरिक इकाई के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया।

विभिन्न विभागों के संसाधन व्यक्तियों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। राम अवतार ठाकुर ने टेली-मेडिसिन, स्वास्थ्य एवं सामाजिक देखभाल पर जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी विनय कुमार ने मिशन लाइवलीहुड एवं आजीविका योजनाओं पर प्रकाश डाला। सब-इंस्पेक्टर विशाल ठाकुर ने वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं साइबर धोखाधड़ी से बचाव पर जानकारी दी, जबकि यूको बैंक से अमित कुमार श्रीवास्तव ने वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग सेवाओं पर मार्गदर्शन किया। अंतर-पीढ़ी संवाद सत्र का संचालन अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने किया।

कार्यशाला में वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, कानूनी संरक्षण, डिजिटल सतर्कता, वित्तीय जागरूकता तथा आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 67 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 160 प्रतिभागियों—वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी एवं युवा स्वयंसेवक—ने सहभागिता की।