गलोड़ में प्रेरणादायक संवाद शिविर, 42 मेधावी छात्राएं सम्मानित

rakesh nandan

20/01/2026

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को गलोड़ में एक प्रेरणादायक संवाद शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों की 42 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस शिविर में ग्राम पंचायत नारा, मैड़, गलोड़ खास, लहड़ा, हड़ेटा, उटटप, गाहली, गोईस, फाहल, जसाई, सरेड़ी, बैहरड, कश्मीर और पन्याली की छात्राओं को उनकी शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।

मेधावी बेटियों को आगे बढ़ने का संदेश

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने सभी प्रतिभाशाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से कठोर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने किशोर बच्चों से मित्रवत संवाद बनाए रखें, ताकि बच्चे अपनी मानसिक परेशानियां साझा कर सकें और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें।

बेटियां हर क्षेत्र में छू रहीं ऊंचाइयां

इस अवसर पर संजय गर्ग ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज की बेटियां जीवन के हर क्षेत्र में ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने छात्राओं को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

इन मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान कृतिका, दीपांशी शर्मा, संचिता शर्मा, प्रिया कुमारी, नैंसी कपिल, शगुन शर्मा, पारूल, अमीषा डोगरा, साक्षी ठाकुर, गरिमा शर्मा, अनामिका डोगरा, कनिका बनयाल और पलक सहित अन्य छात्राओं को स्मृति चिह्न, नाम पट्टिका, मग, सैनिटेशन किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

ये भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर सिद्धार्थ, अरिहंत, क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा छात्राओं के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।