द्रंग में एचपी शिवा दिवस, 12,500 परसिमन पौधे रोपित

rakesh nandan

28/02/2026

Himachal Pradesh Horticulture Department द्वारा HP Shiva Project के अंतर्गत मंडी जिले के विकास खंड द्रंग की बरोट और चौहार घाटी के मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टरों में ‘एचपी शिवा दिवस’ एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बागवानी विभाग मंडी के उप-निदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।


परसिमन खेती पर दिया प्रशिक्षण

डॉ. संजय गुप्ता ने किसानों को ‘परसिमन’ (जापानी फल) की खेती, उसकी वैज्ञानिक विधियों और संभावित आर्थिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परसिमन एक पौष्टिक फल होने के साथ-साथ भविष्य में किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने स्वयं बागवानों को पौधारोपण की विधि का प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।


20 हेक्टेयर में 12,500 पौधे

उन्होंने बताया कि बागवानी मंत्री Jagat Singh Negi के निर्देशानुसार दो माह के भीतर इन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभाग की सक्रियता के चलते लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान शुरू हो चुका है, जिसके तहत कुल 12,500 परसिमन पौधे लगाए जाएंगे।


किसानों में उत्साह

मयोट, मरखान और धरमेहड़ क्लस्टर के लाभार्थियों ने सरकार और बागवानी विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। किसानों का मानना है कि इससे उनकी आर्थिकी सुदृढ़ होगी और आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी द्रंग डॉ. कविता, क्लस्टर प्रभारी पूजा लोहिया, अभय चौहान, फील्ड इंजीनियर गौरव ठाकुर और फैसिलिटेटर ओम प्रकाश भी उपस्थित रहे।