बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्धन परियोजना ‘एचपी शिवा’ के अंतर्गत विकास खंड बल्ह के तमरोह क्लस्टर में एक विशाल पौधारोपण अभियान सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर लाल सिंह कौशल ने बागवानी विभाग की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि मात्र दो माह के भीतर भूमि को बागवानी के योग्य बनाना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने दो माह पूर्व इस क्लस्टर के भूमि विकास कार्य का निरीक्षण किया था और विभाग को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। विभाग ने इन निर्देशों का पालन करते हुए 18 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण अभियान आरंभ कर दिया है।
तकनीकी सत्र एवं किसान प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर के दौरान उप-निदेशक उद्यान डॉ. संजय गुप्ता ने किसानों को जापानी फल की खेती, उसकी वैज्ञानिक विधि और व्यावसायिक संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थी किसानों को फलदार पौधों की रोपाई की वैज्ञानिक तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को उन्नत किस्म के फलदार पौधे वितरित किए गए। विभाग ने आश्वस्त किया कि जलशक्ति विभाग के सहयोग से सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि तमरोह क्लस्टर को एक मॉडल बागवानी क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा सके। इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. उषा, डॉ. शिवाली, उद्यान विकास अधिकारी तथा जलशक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
