हिमुडा उपाध्यक्ष ने भोटा व दड़ूही में आवासीय योजनाओं का जायजा लिया

rakesh nandan

09/01/2026

हिमाचल प्रदेश शहरी विकास एवं आवास बोर्ड (हिमुडा) के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा तथा निदेशक मंडल के सदस्यों ने जिला हमीरपुर के भोटा क्षेत्र एवं हमीरपुर शहर के समीपवर्ती दड़ूही क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान हिमुडा के निदेशक मंडल के सदस्य राजेश बन्याल, जितेंद्र चंदेल एवं सूर्य प्रकाश, साथ ही वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

आवासीय कॉलोनियों व बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा

दौरे के दौरान भोटा और दड़ूही क्षेत्रों में प्रस्तावित आवासीय कॉलोनियों के निर्माण, सड़कों, जलापूर्ति, सीवरेज तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं का जायजा लिया गया। हिमुडा उपाध्यक्ष और अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को भी सुना।

आधुनिक और किफायती आवास हिमुडा का लक्ष्य

हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य प्रदेशवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और किफायती आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जाएं, ताकि लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र वशिष्ठ, अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।