हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम को अधिकृत किया गया है। इस कड़ी में संयुक्त अरब अमीरात में फैक्ट्री हेल्पर/जनरल हेल्पर के पदों पर भर्ती की जा रही है।
इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। इसके साथ ही बुनियादी अंग्रेज़ी भाषा का ज्ञान होना अनिवार्य है।
चयनित उम्मीदवारों को 1375 एईडी मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा आवास सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। कंपनी नीति के अनुसार चिकित्सा बीमा, प्रत्येक दो वर्ष में एक बार हवाई टिकट तथा यूएई श्रम कानून के अंतर्गत ग्रेच्युटी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बिना वैध पासपोर्ट के उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। केवल वही अभ्यर्थी आवेदन करें जो विदेश में कार्य करने के इच्छुक हों तथा चयन के उपरांत एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के लिए तैयार हों।
इच्छुक उम्मीदवार 12 जनवरी तक गूगल फॉर्म लिंक
https://forms.gle/u5X4D7x4xMrAVMeK6
के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है।