महिला आयोग की अदालत में 28 मामलों की सुनवाई

rakesh nandan

06/01/2026

हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर में महिलाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए अदालत आयोजित की। अदालत की अध्यक्षता आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने की। इस दौरान आयोग की सदस्य सरोज शर्मा, रीना पुंडीर और रीना दरोच भी उपस्थित रहीं।

विद्या नेगी ने बताया कि मंगलवार को आयोजित अदालत में महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा, घरेलू विवाद, यौन उत्पीड़न, महिलाओं के अधिकारों के हनन और अत्याचार से जुड़े कुल 37 मामले सूचीबद्ध किए गए थे। इनमें से 28 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से पांच मामलों का निपटारा कर उन्हें बंद करने का निर्णय लिया गया। शेष मामलों में भी आयोग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उन्होंने कहा कि अत्याचार से पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना राज्य महिला आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से आयोग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरूकता शिविर आयोजित करने और नियमित रूप से अदालतें लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि पीड़ित महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही न्याय मिल सके।

इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव बुशरा अंसारी सिंह, विधि अधिकारी यशपाल शर्मा, हमीरपुर के डीएसपी हरीश गुलेरिया, महिला थाना हमीरपुर की प्रभारी प्रिया सहित महिला आयोग कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।