आपदा प्रभावित हिमाचल को बड़ी राहत : डॉ. बिंदल

rakesh nandan

27/12/2025

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश के लिए हर्ष और संतोष का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए 601 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राहत राशि राज्य सरकार को प्रेषित की है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि यह राशि आपदा के कारण हुए भारी नुकसान की भरपाई करने और प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों को तेज गति देने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के निरंतर प्रयासों के कारण ही हिमाचल प्रदेश को आपदा की हर घड़ी में केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 5800 करोड़ रुपये की राहत राशि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से प्राप्त हो चुकी है, जो इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी रही है।

डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार से अपेक्षा व्यक्त की कि इस सहायता राशि का उपयोग ईमानदारी, पारदर्शिता और त्वरित गति से किया जाए, ताकि आपदा प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति तक इसका लाभ शीघ्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपदा पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और केंद्र सरकार का यह सहयोग हिमाचल के लिए संबल बनेगा।