ऊना जिले के हरोली में स्थित डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज के निर्माणाधीन नए भवन के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अतिरिक्त बजट से निर्माण कार्य को गति मिलेगी और विद्यार्थियों को आधुनिक तथा बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि कॉलेज के नए भवन का निर्माण लगभग 12 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो वर्तमान में अंतिम चरण में है। अतिरिक्त राशि की स्वीकृति से शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर भवन को शीघ्र विद्यार्थियों के उपयोग के लिए तैयार किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण और अकादमिक विस्तार प्रदेश सरकार की दीर्घकालिक नीति का अहम हिस्सा है और हरोली कॉलेज का निरंतर विकास इसी दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
गौरतलब है कि कॉलेज के नए भवन का लगभग 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और आने वाले समय में सभी शैक्षणिक गतिविधियां इसी भवन में संचालित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज, हरोली में शैक्षणिक सत्र 2025-26 से सात नए पाठ्यक्रम आरंभ किए जा चुके हैं। कॉलेज में बीबीए और बीसीए जैसे व्यवसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ एम.कॉम, एम.ए. अंग्रेजी, एम.ए. हिंदी, एम.ए. राजनीतिक विज्ञान और एम.ए. इतिहास जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बीए और बीकॉम के पाठ्यक्रम पहले से ही उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च एवं व्यवसायिक शिक्षा के व्यापक अवसर मिल रहे हैं।