हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ मैदान में बुधवार को आयोजित ड्राइविंग टेस्ट एवं वाहन पासिंग प्रक्रिया के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी हरोली विशाल शर्मा, मोटर वाहन निरीक्षक समीर दत्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना अशोक कुमार ने वाहन चालकों और आवेदकों को सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग से बचाव, गुड समेरिटन नियमों तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
आरटीओ अशोक कुमार ने कहा कि यातायात नियमों की सख्ती से पालना करने से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और अनमोल मानव जीवन की रक्षा संभव है। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जनवरी में चलाया जा रहा है सड़क सुरक्षा अभियान
आरटीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनवरी माह में देशभर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा माह–जनवरी 2026 को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें इच्छुक प्रतिभागी 15 फरवरी तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी ले सकेंगे भाग
आरटीओ ने बताया कि सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर हिंदी या अंग्रेज़ी भाषा में अधिकतम 5 मिनट की लघु फिल्म बनाकर भाग ले सकता है। प्रतियोगिता में आम नागरिक, विद्यार्थी एवं पेशेवर फिल्म निर्माता भाग ले सकते हैं। चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को विभिन्न आयु वर्गों में 25 हजार रुपये, ट्रॉफी व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 20 विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें 5 हजार रुपये व प्रमाण पत्र शामिल होगा। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।