विनय कुमार और अजय सोलंकी ने जाना घायलों का हाल

rakesh nandan

10/01/2026

सिरमौर जिला के हरिपुरधार में हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में घायलों का हाल जानने आज विनय कुमार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, एवं स्थानीय विधायक अजय सोलंकी नाहन पहुंचे। नाहन स्थित डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नेताओं ने बस हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सभी घायलों का इलाज पूरी तरह निशुल्क किया जाएगा और जब तक सभी घायल पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते, सरकार हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि बीते दिन हरिपुरधार में हुए इस भीषण बस हादसे में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सरकार ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं तथा 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और इस कठिन समय में उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।\