सिरमौर जिला के हरिपुरधार इलाके में बीते कल हुए दर्दनाक बस हादसे में घायल लोगों का हाल जानने आज सुरेश कश्यप, सांसद, नाहन पहुंचे। नाहन स्थित डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सांसद सुरेश कश्यप ने बस दुर्घटना में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि बस हादसे के घायलों की हालत में अब पहले से काफी सुधार है। स्वास्थ्य विभाग लगातार घायलों के बेहतर उपचार के लिए कार्य कर रहा है, जिससे मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरिपुरधार में हुआ यह दर्दनाक हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें 14 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़कों की हालत सुधारने तथा ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
