हरिपुरधार में हुई बस दुर्घटना के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर ने पीड़ितों और उनके परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। प्राधिकरण की टीम ने हरिपुरधार क्षेत्र में दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श की जानकारी दी। इसके साथ ही विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता एवं कर्मचारियों को पीड़ितों की सहायता हेतु तैनात किया गया।
प्राधिकरण द्वारा नाहन, ददाहू और संगड़ाह के अस्पतालों में पैरा लीगल स्वयंसेवकों को नियुक्त किया गया, ताकि घायल पीड़ितों, उनके परिजनों और मृतकों के परिवारों को तत्काल सहायता मिल सके। पीड़ित परिवारों को नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन के चिकित्सा अधीक्षक और प्रिंसिपल के समक्ष पीड़ितों के समुचित इलाज और कल्याण का मुद्दा उठाया गया, जिससे उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
यह पूरी पहल प्राधिकरण के अध्यक्ष (जिला एवं सत्र न्यायाधीश) सिरमौर के मार्गदर्शन में की गई, जो आपदा की घड़ी में विधिक और प्रशासनिक सहायता की अहमियत को दर्शाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर का यह प्रयास पीड़ितों के लिए राहत और सहारा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
