हरिपुरधार बस हादसे पर भाजपा नेतृत्व ने जताया गहरा शोक

rakesh nandan

09/01/2026

जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस के खाई में गिरने से हुए भीषण सड़क हादसे पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हादसे पर जगत प्रकाश नड्डा, डॉ. राजीव बिंदल, अनुराग ठाकुर, राजीव भारद्वाज, जयराम ठाकुर एवं सुरेश कश्यप ने गहरा दुःख प्रकट किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरिपुरधार में बस के खाई में गिरने से अनेक लोगों की असमय मृत्यु अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और हादसे की भयावहता से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। डॉ. बिंदल ने बताया कि दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए नाहन और सोलन के अस्पतालों में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अब तक सात मृतकों के पार्थिव शरीर हरिपुरधार पहुंच चुके हैं, जो हादसे की गंभीरता को दर्शाता है।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कमी न आने दी जाए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। भाजपा नेतृत्व ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पार्टी पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।