हमीरपुर को मिलेगा भव्य बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

rakesh nandan

06/02/2026

अपने गृह जिले के मुख्यालय को नगर निगम का दर्जा दिलाने और लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करवाने के बाद ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर शहर को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। यह सौगात होगी—एक भव्य बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स।

निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का कार्य पूर्ण होने के उपरांत हमीरपुर शहर के वर्तमान बस स्टैंड को एक आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इस बहुमंजिला परिसर में शॉपिंग मॉल, ऑडिटोरियम, पर्याप्त पार्किंग सुविधा तथा अन्य आधुनिक शहरी सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस परियोजना के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत सबसे पहले वर्तमान बस स्टैंड की भूमि को शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। जैसे ही नया बस स्टैंड पूर्ण होगा, उसी के तुरंत बाद पुराने बस स्टैंड की जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।


🟦 सिटी सेंटर की तर्ज पर होगा विकास

नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना का प्रारूप तैयार किया गया है। इस योजना में शहरवासियों, कारोबारियों तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखा गया है।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर शहर की भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप इस क्षेत्र को एक आधुनिक सिटी सेंटर की तर्ज पर विकसित करने की योजना है, ताकि शहर के मध्य भाग में ही नागरिकों को शॉपिंग, सांस्कृतिक गतिविधियों और पार्किंग जैसी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि यह परियोजना हमीरपुर शहर के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी और इससे शहर की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।