हमीरपुर में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के निर्देश

rakesh nandan

08/01/2026

जिला हमीरपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और इनमें होने वाली असामयिक मौतों में कमी लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं। वीरवार को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की विशेष बैठक की अध्यक्षता करते हुए अमरजीत सिंह ने सभी एसडीएम, पुलिस, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि 1 जनवरी से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में जिले में 84 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 26 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि वर्ष 2025 में 67 दुर्घटनाओं में 17 लोगों की असामयिक मौतें दर्ज की गईं। यद्यपि दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन सड़क हादसों में होने वाली मौतें अत्यंत चिंताजनक हैं।

उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे प्राधिकरण को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए और आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए शिक्षण संस्थानों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और ट्रांसपोर्ट यूनियनों में विशेष अभियान चलाने को कहा। स्कूल और कॉलेजों में भाषण, चित्रकला, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार एवं चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने को भी कहा गया।

बैठक में समिति के सदस्य सचिव एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल ने सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित की जा रही गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम, पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

राहवीर पुरस्कार और कैशलेस इलाज योजना का प्रचार आवश्यक

उपायुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए तत्काल सहायता प्रदान करने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के अंतर्गत ‘गुड सेमेरिटन’ पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके अलावा सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त एवं कैशलेस इलाज उपलब्ध है। दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती होने पर सात दिन तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। इस योजना की जानकारी के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है। उपयुक्त ने इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।