जिला हमीरपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले की 83 ग्राम पंचायतों में 26 मई 2026 को मतदान होगा। रविवार सायं 3 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया और इसके साथ ही चुनावी गतिविधियों पर लागू प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं।
जिला प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं। कुल 482 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाने के लिए 482 मतदान दलों को रविवार को ही रवाना कर दिया गया।
इन मतदान दलों में एक-एक पीठासीन अधिकारी और तीन-तीन मतदान अधिकारी शामिल हैं। इस प्रकार चुनाव ड्यूटी में कुल 1928 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड्स के कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
पहले चरण के तहत नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों में 117 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों में 101 बूथ, बमसन ब्लॉक की 9 पंचायतों में 51 बूथ, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों में 92 बूथ, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों में 77 बूथ तथा सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों में 44 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता के सभी प्रावधानों को सख्ती से लागू किया गया है। मतदान समाप्ति से पूर्व 48 घंटे की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की चुनावी जनसभा, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सार्वजनिक बैठक और प्रचार गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि के दौरान संबंधित पंचायतों में शराब की बिक्री और वितरण पर भी रोक लगा दी गई है। किसी भी होटल, रेस्तरां, बार, क्लब, मैरिज पैलेस या अन्य सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों में शराब परोसने या वितरित करने की अनुमति नहीं होगी।
मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। चुनाव प्रचार सामग्री प्रदर्शित करने, मतदाताओं को प्रभावित करने या किसी प्रकार का प्रलोभन देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में हथियार लेकर चलने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को इससे छूट दी गई है।
26 मई को मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों की मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
पहले चरण में जिले की 83 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा, जिनमें जंगलरोपा, टिक्कर डिडवीं, धरोग, धनेड़, उखली, कुठेड़ा, मझोग सुल्तानी, रोपा, गसोता, पंधेड़, पांडवीं, गलोड़ खास, सनाही, बैहरड़, चौड़ू, पनियाली, डूहक, धमरोल, कक्कड़, धीरड़, नंधन, बिझड़ी, टिप्पर, कलौहण, ज्योली देवी, महारल और सौर सहित अन्य पंचायतें शामिल हैं।