बुआई–कटाई के नए रेट तय, मनमानी पर रोक

rakesh nandan

06/12/2025

कृषि विभाग हमीरपुर ने किसानों से बुआई, जुताई, कटाई और थ्रेशिंग कार्यों के मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए इन सेवाओं के लिए नई दरें तय कर दी हैं। इन दरों को उपायुक्त हमीरपुर ने स्वीकृति प्रदान की है और अब पूरे जिले में इन्हीं दरों को लागू किया जाएगा।

उपनिदेशक कृषि डॉ. शशिपाल अत्री ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी ऑपरेटर किसानों से तय मानकों से अधिक रकम वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई दरों से किसानों को राहत मिलेगी और कृषि सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। निर्धारित दरों से अधिक राशि वसूलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नई स्वीकृत दरें इस प्रकार हैं—

  • ट्रैक्टर से जुताई/बुआई: ₹1200 प्रति घंटा

  • रोटावेटर से जुताई: ₹1320 प्रति घंटा

  • कटाई व थ्रेशिंग: ₹1320 प्रति घंटा

  • पावर टिल्लर से बुआई: ₹500 प्रति घंटा

  • रिपर से कटाई: ₹1300 प्रति घंटा

  • ब्रश कटर से कटाई: ₹400 प्रति घंटा

डॉ. अत्री ने किसानों से अपील की कि यदि कोई भी इन दरों से अधिक चार्ज करता है तो इसकी जानकारी तुरंत कृषि विभाग को दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।