आईटीआई हमीरपुर में अग्निवीर भर्ती को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के लिए सोमवार को Indian Army के थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर ने आईटीआई हमीरपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
चयन प्रक्रिया और पात्रता की दी विस्तृत जानकारी
इस अवसर पर मेजर हरीश ने प्रशिक्षणार्थियों को सेना भर्ती की चयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईटीआई डिप्लोमा धारकों को भर्ती प्रक्रिया में 20 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। एनसीसी के ए, बी और सी प्रमाण पत्र धारकों को उनके प्रमाण पत्र के अनुसार लिखित परीक्षा में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।
अग्निवीर भर्ती-2026 के लिए आवेदन शुरू
मेजर हरीश ने बताया कि अग्निपथ अग्निवीर योजना के अंतर्गत कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) भर्ती-2026 की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग निर्धारित की गई है। सामान्य रूप से 8वीं, 10वीं या 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। योग्य उम्मीदवार विभिन्न अग्निवीर पदों के लिए आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल निर्धारित की गई है।
आयु सीमा
आवेदक की आयु 1 जुलाई 2026 को साढ़े 17 वर्ष से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
अर्थात 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं।
संस्थान ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद शर्मा ने मेजर हरीश तथा उनकी टीम के सदस्यों हवलदार प्रदीप और विकास का धन्यवाद किया।