रसोई गैस उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन कंपनी द्वारा प्रत्येक पांच वर्षों में गैस कनेक्शनों एवं उपकरणों की अनिवार्य जांच करवाई जाती है। इसी कड़ी में हमीरपुर गैस सर्विस के उपभोक्ताओं के गैस उपकरणों की सुरक्षा जांच शुरू की जा रही है।
हमीरपुर गैस सर्विस के मालिक हरीश नंदा ने जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी के प्रशिक्षित मैकेनिक घर-घर जाकर रसोई गैस चूल्हे, रेगुलेटर, रबर पाइप, सिलेंडर और गैस कार्ड सहित अन्य उपकरणों की जांच करेंगे। इस दौरान उपभोक्ताओं को रसोई गैस के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शनों की अभी तक सुरक्षा जांच नहीं हुई है, वे अनिवार्य रूप से यह जांच करवाएं। गैस कनेक्शन की सुरक्षा बीमा सुविधा इसी जांच पर निर्भर करती है, जिसका शुल्क 236 रुपये प्रति ग्राहक निर्धारित है। जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और हिमाचल प्रदेश गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत प्राप्त गैस कनेक्शनों के लिए यह शुल्क मात्र 59 रुपये रखा गया है।
हरीश नंदा ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता के गैस चूल्हे की रबर पाइप खराब पाई जाती है तो उसे भी बदला जाएगा। नई पाइप की कीमत 190 रुपये है, जिसकी लंबाई 1.5 मीटर होगी।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस जांच के लिए घर आने वाले मैकेनिक का पहचान-पत्र और पुलिस सत्यापन दस्तावेज अवश्य जांचें। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता दूरभाष नंबर 01972-222301 पर संपर्क कर सकते हैं।