हमीरपुर में दिव्यांगों हेतु निःशुल्क उपकरण शिविर

rakesh nandan

17/02/2026

जिला हमीरपुर के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कृत्रिम अंग व आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (मोहाली) द्वारा जिला प्रशासन और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी हमीरपुर के सहयोग से विशेष पहल की गई है।

उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के आकलन हेतु 16 से 20 मार्च तक विभिन्न उपमंडलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

आकलन शिविर की तिथियां

  • 16 मार्च – ग्राम पंचायत भकरेड़ी (बड़सर)

  • 17 मार्च – जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, हमीरपुर

  • 18 मार्च – तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय, सुजानपुर

  • 19 मार्च – ग्राम पंचायत कलूर (नादौन)

  • 20 मार्च – पंचायत कार्यालय, भोरंज

इन शिविरों में व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, वॉकर और श्रवण यंत्र आदि उपकरणों के लिए परीक्षण किया जाएगा। आंखों के चश्मे और दांतों के परीक्षण इस शिविर में शामिल नहीं होंगे।

40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजन तथा 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक योजना का लाभ उठा सकते हैं। दिव्यांगजनों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और बीपीएल या वार्षिक आय ₹2.70 लाख से कम का प्रमाण पत्र लाना होगा। जिनके पास यूडीआईडी कार्ड नहीं है, वे स्वावलंबन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

वरिष्ठ नागरिकों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा बीपीएल या ₹1.80 लाख वार्षिक आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

उपायुक्त ने पात्र लाभार्थियों से इन शिविरों में भाग लेकर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।