हमीरपुर में 77वां गणतंत्र दिवस, अनिरुद्ध सिंह करेंगे अध्यक्षता

rakesh nandan

12/01/2026

77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर 26 जनवरी को जिला स्तरीय समारोह का आयोजन शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल ब्वायज सीनियर सेकंडरी स्कूल, हमीरपुर के खेल मैदान में किया जाएगा। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह करेंगे।

यह जानकारी उपायुक्त अमरजीत सिंह ने देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा इस समारोह की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी गई हैं। आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम हमीरपुर, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, शिक्षा विभाग तथा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों को गणतंत्र दिवस परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नियमित रिहर्सल करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समारोह को अनुशासित, भव्य और गरिमामय स्वरूप प्रदान किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी, जिसमें विभिन्न शिक्षण संस्थानों और विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।