जंगला भूड GSSS में वार्षिक समारोह आयोजित

rakesh nandan

18/12/2025

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) जंगला भूड में आयोजित वार्षिक समारोह में नाहन विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने घोषणा की कि जिन विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए हैं, उन्हें अपनी ऐच्छिक निधि से प्रति विद्यार्थी ₹1000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विधायक ने मिड-डे मील योजना के अंतर्गत बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में नए शेड के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

विधायक अजय सोलंकी ने विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा समाज और भविष्य दोनों के लिए घातक है। उन्होंने शिक्षा, संस्कार और अनुशासन को अपनाकर सकारात्मक जीवन जीने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावकगण एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।