उप मुख्यमंत्री ने किया वॉटर स्पोर्ट्स का निरीक्षण

rakesh nandan

10/12/2025

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज ऊना से मंडी जाते हुए कुछ समय के लिए गोविंद सागर झील पहुंचे, जहां उन्होंने वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रत्यक्ष आनंद लिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन को नए आयाम देने और ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह संकल्पित है। बिलासपुर में जल क्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देना एडवेंचर टूरिज्म को मजबूत करेगा और प्रदेश की पहचान को नई दिशा देगा।

उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा झील में क्रूज, शिकारा, स्पीड बोट और वाटर स्कूटर जैसी सुविधाओं को योजनाबद्ध और सुरक्षित रूप से विकसित करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये गतिविधियाँ पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएंगी। बिलासपुर पर्यटन का तेजी से उभरता केंद्र बन रहा है और अब प्रदेश के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय प्रबंधन के संयुक्त प्रयासों से गोविंद सागर झील पर्यटन की दृष्टि से मॉडल रूप में विकसित हो रही है। आने वाले समय में नई सुविधाएँ जोड़कर इस पहल को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि हिमाचल प्रदेश जल, नभ और थल पर्यटन की त्रिस्तरीय अवधारणा को साकार कर सके।

इस अवसर पर हिमफैड के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार और हिमुड़ा बोर्ड सदस्य जितेंद्र चंदेल भी उपस्थित रहे।