गोविंद सागर झील में जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर प्रशासन की एडवाइजरी

rakesh nandan

22/01/2026

बंगाणा तहसील के अंतर्गत गोविंद सागर झील क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे जाकर जोखिमपूर्ण गतिविधियां किए जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष एवं उपायुक्त जतिन लाल ने जनसुरक्षा के दृष्टिगत एक एडवाइजरी जारी की है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि झील क्षेत्र में निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे जाना अत्यंत खतरनाक है, जिससे दुर्घटना, डूबने अथवा अन्य गंभीर अनहोनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने आमजन, स्थानीय निवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे झील के भीतर या आसपास सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें

डीसी जतिन लाल ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं पर्यटकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का आग्रह करते हुए कहा कि बिना अनुमति एवं उचित सुरक्षा उपकरणों के किसी भी प्रकार की एडवेंचर गतिविधियां न की जाएं। साथ ही उन्होंने अनधिकृत नौकाओं, नावों एवं फ्लोटिंग उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि केवल प्रशासन द्वारा अधिकृत गतिविधियों में ही भाग लिया जाए तथा चेतावनी बोर्डों एवं प्रशासन, पुलिस और स्थानीय कर्मचारियों द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन किया जाए।

उपायुक्त ने झील के किनारे फिसलन वाले, ढलानदार या कमजोर भू-भागों पर न जाने तथा फोटोग्राफी या सेल्फी लेते समय जोखिमपूर्ण स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही झील क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और जल अथवा आसपास किसी भी प्रकार का कचरा न फेंकने का आह्वान किया गया।

उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचित किया जाए अथवा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के आपातकालीन नंबर 01975-225045, 225046, 225049 पर संपर्क किया जा सकता है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह एडवाइजरी जन सुरक्षा के हित में जारी की गई है और निर्देशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।