बहवा स्कूल के छात्रों का थुनाग में शैक्षणिक भ्रमण
तहसील चच्योट के राजकीय उच्च विद्यालय बहवा के 25 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों ने आज College of Horticulture Thunag का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औषधीय, सुगंधित पौधों तथा खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
औषधीय एवं सुगंधित पौधों की जानकारी
वैज्ञानिक डॉ. अरुणा मेहता (औषधीय एवं सुगंधित पौधे) ने विद्यार्थियों को इन पौधों के महत्व, स्वास्थ्य लाभ और आय के संभावित स्रोत के रूप में उनकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि हिमाचल प्रदेश की जलवायु औषधीय फसलों की खेती के लिए उपयुक्त है और युवा इन क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर तलाश सकते हैं।
कैंथ फल के प्रसंस्करण पर प्रशिक्षण
सहायक प्राध्यापक डॉ. रजत सिंह (खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) तथा कनिष्ठ शोध अध्येता अंकिता शर्मा ने विद्यार्थियों को कैंथ फल के स्वास्थ्य लाभ, प्रसंस्करण विधियों और विभिन्न उत्पाद निर्माण तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय फलों के मूल्य संवर्धन से ग्रामीण स्तर पर आय के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
विद्यार्थियों ने जताई खुशी
भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस अनुभव पर प्रसन्नता व्यक्त की। शिक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को नई तकनीकों से अवगत कराते हैं और उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हैं।