घणाहट्टी में 24 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

rakesh nandan

23/02/2026

घणाहट्टी में 24 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री Vikramaditya Singh ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के घणाहट्टी में एक दिवसीय प्रवास के दौरान 24 करोड़ रुपए से अधिक राशि के विभिन्न विकासात्मक कार्यों की आधारशिला रखी। मंत्री ने 4 करोड़ 67 लाख रुपए की लागत से राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 के तहत घणाहट्टी से दाड़लाघाट के बीच विभिन्न स्थानों पर रिटेनिंग वाल लगाने के कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त 37 लाख 66 हजार रुपए की लागत से घणाहट्टी बाजार में पेवर बिछाने एवं ड्रेनेज कार्य की भी आधारशिला रखी गई। करीब 12 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से चक्कर से दाड़लाघाट के मध्य विभिन्न क्षेत्रों में 13 किलोमीटर मेटलिंग एवं टारिंग कार्य शुरू किए जाएंगे। इसके साथ 2 करोड़ 12 लाख रुपए के अन्य विकास कार्य भी शामिल हैं।


300 महिलाओं को सिलाई किट वितरित

मंत्री ने टाटा पावर एवं उषा इंटरनेशनल के सहयोग से हेल्पिंग हैंड वेलफेयर एंड एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा 300 महिला उद्यमियों को सिलाई किट वितरित की। सिलाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने संस्थान को अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने हेतु नया प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए और हर संभव सरकारी सहयोग का आश्वासन दिया।


शिमला ग्रामीण में 375 करोड़ के विकास कार्य

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हुआ, बावजूद इसके शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 375 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए। घणाहट्टी पंचायत में पिछले तीन वर्षों में 18 लाख रुपए विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं।


नशा रोकथाम में महिलाओं की भूमिका अहम

उन्होंने महिलाओं से क्षेत्र में नशे की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। नशे से संबंधित जानकारी पुलिस और प्रशासन को देने की अपील भी की।


विधायक निधि से 5 लाख की घोषणा

मंत्री ने विधायक निधि से घणाहट्टी पंचायत को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए।