हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के अंतर्गत खंड परियोजना प्रबंधन इकाई, बिलासपुर के माध्यम से बहाव सिंचाई परियोजना कोठी बताला- ज्योरा एवं उठाऊ सिंचाई परियोजना कमलोटा में लहसुन की प्रदर्शनी लगाई गई। यह प्रदर्शनी कृषि अधिकारियों की देख-रेख एवं तकनीकी मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
इस बारे में जानकारी देते हुए खंड तकनीकी प्रबंधक सदर बिलासपुर, पवन कुमार ने बताया कि परियोजना कोठी बताला-ज्योरा के अंतर्गत 16 किसानों तथा परियोजना कमलोटा में 3 किसानों को आधा-आधा बीघा क्षेत्र में लहसुन की प्रदर्शनी हेतु चयनित किया गया। प्रत्येक किसान को 20 किलोग्राम प्रमाणित लहसुन बीज (किस्म जीएचसी-एक) प्रदान किया गया।
कृषि अधिकारियों ने किसानों को लहसुन की उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी, जिसमें बीज उपचार, बुआई, सिंचाई, कीट एवं रोग प्रबंधन, खाद उपयोग, कटाई, और भंडारण शामिल हैं। साथ ही, कृषि अधिकारियों ने किसानों को फील्ड में लहसुन की रोपाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को फसल विविधीकरण एवं अधिक उत्पादन के लिए प्रेरित करना है।
 
					