गंधर्वा राठौड़ ने संभाला हमीरपुर उपायुक्त का कार्यभार

rakesh nandan

14/01/2026

जिला हमीरपुर की नवनियुक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें जिला की प्रशासनिक परिस्थितियों एवं प्रमुख गतिविधियों से अवगत करवाया गया।

वर्ष 2016 बैच की आईएएस अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत पश्चिम बंगाल काडर से की, जहां उन्होंने लगभग छह वर्षों तक विभिन्न पदों पर कार्य किया। हिमाचल प्रदेश काडर में आने के बाद उन्होंने कांगड़ा जिले में अतिरिक्त उपायुक्त के रूप में सेवाएं दीं। इसके उपरांत वे हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की प्रबंध निदेशक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक भी रहीं। हमीरपुर में उपायुक्त नियुक्ति से पूर्व वे कार्मिक विभाग हिमाचल प्रदेश में विशेष सचिव तथा हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम की प्रबंध निदेशक के रूप में सेवाएं दे रही थीं।

गंधर्वा राठौड़ ने जयपुर से प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, दिल्ली से बी.कॉम. की पढ़ाई की। वर्ष 2016 में आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल काडर मिला था। कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र से संबंध रखने वाले हिमाचल प्रदेश काडर के आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा से विवाह के पश्चात उन्होंने हिमाचल प्रदेश काडर में आने का निर्णय लिया। गंधर्वा राठौड़ जिला हमीरपुर की पांचवीं महिला उपायुक्त हैं। इससे पूर्व अनुराधा ठाकुर, नंदिता गुप्ता, डॉ. ऋचा वर्मा और देवश्वेता बनिक इस पद पर कार्य कर चुकी हैं।

कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना, पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाना तथा आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कौशल विकास निगम में अपने अनुभव के आधार पर वे युवाओं के कौशल विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस करेंगी।