अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 के परिप्रेक्ष्य में वन अधिकारों की जानकारी देने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज ग्राम पंचायत शोघी कार्यालय में क्षेत्र की पांच पंचायतों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसीलदार संजीव गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शोघी, थड़ी, जलैल, आनंदपुर और कोट पंचायतों के लोगों को वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाले व्यक्तिगत एवं सामुदायिक अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वन अधिकार समितियों के समक्ष अपने-अपने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने अधिकारों को लेकर जिज्ञासाएं भी रखीं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से वन क्षेत्रों में रहने वाले पात्र व्यक्तियों को अपने अधिकारों की पहचान करने और उन्हें विधिवत प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
