वित्तीय साक्षरता सप्ताह: बीटन, कुंगडत व पुवोवाल में शिविर

rakesh nandan

10/02/2026

भारतीय रिज़र्व बैंक के दिशा-निर्देशानुसार मनाए जा रहे वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत बीटन, कुंगडत एवं पुवोवाल में जागरूकता शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविरों में स्थानीय ग्रामीणों, खाताधारकों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लिया। शिविरों के दौरान प्रतिभागियों को केवाईसी (KYC) के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव सक्सेना ने बताया कि इन जागरूकता शिविरों की थीम “केवाईसी – सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” रखी गई है।

उन्होंने कहा कि समय पर केवाईसी अद्यतन करवाना न केवल बैंकिंग सेवाओं की निरंतरता के लिए आवश्यक है, बल्कि यह ग्राहकों को वित्तीय धोखाधड़ी से भी सुरक्षित रखता है। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को बैंकिंग धोखाधड़ी, डिजिटल फ्रॉड, साइबर ठगी एवं मनी म्यूल जैसी गतिविधियों के बारे में भी जागरूक किया गया।

आम जनता को बताया गया कि अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करना अथवा किसी अन्य के खाते में धनराशि का लेन-देन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही, ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। अंत में लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी सुरक्षित बैंकिंग एवं डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करें।