मानव सेवा और निस्वार्थ समर्पण की एक प्रेरणादायक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब Drops of Hope Society Sirmour को सूचना प्राप्त हुई कि जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र की एक महिला मरीज को अत्यंत आपातकालीन स्थिति में पीजीआई चंडीगढ़ में A पॉजिटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता है। मरीज का किडनी खराब होने के कारण उसी दिन डायलिसिस किया जाना था।
सूचना मिलते ही सोसायटी के सक्रिय सदस्य रजत सैनी से संपर्क किया गया। बिना किसी देरी के उन्होंने तुरंत रक्तदान के लिए सहमति दी और पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचकर रक्तदान कर मरीज को जीवनदान दिया। यह उनका छठा रक्तदान था, जो उनके सेवा भाव और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी रजत सैनी ने आधी रात को जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ पहुंचकर प्लेटलेट्स दान किए थे, जिससे एक जच्चा-बच्चा की जान बचाई जा सकी। वे सोसायटी के अत्यंत सक्रिय सदस्य हैं और समाज सेवा के लिए दिन-रात सदैव तत्पर रहते हैं।
Drops of Hope Society Sirmour ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा हैं। संस्था ने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को महादान समझकर आगे आएं, क्योंकि समय पर दिया गया रक्त किसी की पूरी जिंदगी बचा सकता है।
अंत में संस्था ने सामाजिक संदेश देते हुए कहा—
“रक्तदानी ही सच्चा जीवनदानी है।
नशे और चिट्टे का हर स्तर पर विरोध करें।”
