जिला प्रशासन शिमला प्रदेश सरकार की उस प्रतिबद्धता को धरातल पर उतार रहा है, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ प्रदान किया जा सके। इस दिशा में ई-परिवार और हिम परिवार परियोजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
इस संबंध में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला के सभी एसडीएम और खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उपायुक्त ने बताया कि शिमला जिला में अब तक 60 प्रतिशत परिवारों का रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किया जा चुका है, जबकि शेष 40 प्रतिशत रिकॉर्ड अपडेट करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन पंचायतों का डेटा अभी तक ई-परिवार पोर्टल पर अपडेट नहीं हुआ है, वे 19 जनवरी से पहले लंबित कार्य पूर्ण करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लेट-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राज्य सरकार द्वारा 31 जनवरी 2026 को सर्वेक्षण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले की कई पंचायतों में रिकॉर्ड अपडेट करने का कार्य 100 प्रतिशत पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड अपडेट में देरी के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।
अनुपम कश्यप ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रत्येक परिवार को 12 अंकों की एक यूनिक फैमिली आईडी आवंटित की जा रही है, जो आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन के बाद सक्रिय होगी।
इस डिजिटल डेटाबेस के तैयार होने से नागरिकों को भविष्य में राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अपात्र लोगों की पहचान कर वास्तविक लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाना आसान होगा।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए हिम परिवार पोर्टल और ई-परिवार पोर्टल को अपडेट किया गया है, जिनके माध्यम से लोग अपनी फैमिली आईडी की स्थिति देख सकते हैं और परिवार रजिस्टर की ऑनलाइन प्रति डाउनलोड कर सकते हैं। शहरी क्षेत्रों में डेटा सत्यापन का कार्य राशन कार्ड नंबर के आधार पर किया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, एसडीएम शहरी ओशीन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।