कांग्रेस की संघ पर टिप्पणियां अशोभनीय: डॉ. सिकंदर कुमार

rakesh nandan

29/11/2025

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि देश को विभाजित करने वाली कांग्रेस पार्टी आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे राष्ट्र निर्माण में समर्पित संगठन पर निराधार और अशोभनीय टिप्पणियां कर रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस वही मेक इन इंडिया का मज़ाक उड़ाती रही, जिसे वह “बब्बर शेर आ गया” कहकर नकारती थी, लेकिन आज यही मेक इन इंडिया की उपलब्धि—ब्रह्मोस मिसाइल—ने पाकिस्तान की नापाक गतिविधियों को करारा जवाब दिया है। कई देश इस अत्याधुनिक मिसाइल को भारत से खरीदने के लिए उत्सुक हैं, जो भारत की रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी संघ और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के फोबिया से ग्रस्त हैं, जिसके कारण वे लगातार अनर्गल, विवादित और भ्रामक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर बार-बार प्रमाण मांगना उनकी “देश विरोधी मानसिकता” को दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी हमेशा टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करती रही है और अक्सर हिंदू विरोधी तथा राष्ट्रहित के विरुद्ध गतिविधियों में शामिल पाई गई है। विदेशी ताकतों से कांग्रेस की सांठगांठ के आरोप भी समय-समय पर उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ—जो दशकों से राष्ट्रहित, सेवा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्यरत है—उस पर कांग्रेस नेताओं द्वारा मनगढ़ंत, काल्पनिक और आपत्तिजनक बयान देना निंदनीय है। भाजपा ने मांग की कि कांग्रेस और उसके नेता संघ तथा समाज से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगें।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस की “हिंदू विरोधी” मानसिकता किसी से छुपी नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव जीतते ही मुख्यमंत्री ने विवादित बयान देते हुए कहा था— “हम 97% हिंदू आबादी को हराकर सत्ता में आए हैं।” उन्होंने कहा कि यह बयान कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और विभाजनकारी सोच का स्पष्ट प्रमाण है, जो सामाजिक एकता के लिए घातक है। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने वाले हर प्रयास का विरोध करेगी और राष्ट्रहित में कार्य करने वाले संगठनों तथा देशभक्त समाज के सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।