दिव्यांग सेवाओं में डॉ. श्रुति को राष्ट्रीय सम्मान

rakesh nandan

05/12/2025

हिमाचल प्रदेश में दिव्यांग अधिकारों और पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए साम्फिया की संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक डॉ. श्रुति मोरे भारद्वाज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने “राष्ट्रीय पुरस्कार 2025” से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान “दिव्यांगता के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ पुनर्वास पेशेवर” श्रेणी में प्रदान किया गया।

विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में देशभर के 2423 आवेदनों में से चयनित होकर डॉ. श्रुति ने हिमाचल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। पिछले एक दशक से कुल्लू और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में उन्होंने आश चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर, थैरेपी ऑन व्हील्स और DEIC–RBSK सहयोग जैसे नवोन्मेषी मॉडल विकसित किए, जिससे हजारों दिव्यांग बच्चों को घर-द्वार पर पुनर्वास सेवाएँ मिलीं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने इसे “माता-पिता, समुदाय और टीम के विश्वास” को समर्पित किया। यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश में समावेशी पुनर्वास और दिव्यांगजनों के अधिकारों को नई पहचान दिलाने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।