जिला स्तरीय समीक्षा एवं समन्वय समिति किन्नौर की त्रैमासिक बैठक उपायुक्त कार्यालय सभागार रिकांग पियो में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं, विशेषकर वंचित वर्गों, किसानों, SHG सदस्यों और युवाओं के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी सरकारी और निजी बैंकों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए, ताकि जनजातीय जिले के लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
फसल बीमा और SHG रिवॉल्विंग फंड पर विशेष जोर
डॉ. शर्मा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बैंक अधिकारियों से आग्रह किया कि वे SHG समूहों को रिवॉल्विंग फंड, आसान ऋण और वित्तीय प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
MSME योजनाओं से युवाओं को जोड़ने के निर्देश
उन्होंने सूक्षम, लघु और मध्यम उद्योग (MSME) योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आंकलन किया और कहा कि इन योजनाओं को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को जिले के युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने के लिए जागरूकता कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
डॉ. यशवंत सिंह परमार शिक्षा ऋण योजना पर बल
उपायुक्त ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े। इस योजना के माध्यम से छात्रों को कम ब्याज पर शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बैंकों को निर्देश दिए कि पात्र छात्रों के ऋण आवेदन समय पर स्वीकृत किए जाएं।
वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने की अपील
किसानों, बागवानों, पशुपालकों और वंचित परिवारों को सस्ती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराना जिले की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने कहा कि बैंक बिना देरी के इन लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ें।
बैठक में विभिन्न विभागों की भागीदारी
बैठक का संचालन जिला अग्रणी बैंक (PNB) के प्रबंधक रोहित सांगवान ने किया।
इस दौरान केंद्र व राज्य की सभी प्रमुख वित्तीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
बैठक में उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र – गुरु लाल नेगी
भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारी – आशीष कुमार
नाबार्ड अधिकारी – चंद्रेश कुमार
विभिन्न सरकारी एवं निजी बैंक अधिकारी