डीएलआरसी बैठक: एनपीए पर सख्ती, योजनाओं के लाभ पर जोर

rakesh nandan

12/01/2026

जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक बचत भवन में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें तिमाही बैंकिंग प्रदर्शन की समीक्षा की गई। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि समाज के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाना सभी बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बैंकों का जनता के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता और अधिक मजबूत होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर बैंकिंग जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। विशेष रूप से किसान क्रेडिट कार्ड को लेकर किसानों के मन में मौजूद शंकाओं को दूर करने के लिए बैंक स्टाफ को प्रभावी प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ योग्य और पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना हम सभी का दायित्व है।

बैठक में एनपीए (Non-Performing Assets) के मामलों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि एनपीए मामलों में तेजी से रिकवरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में 7 हजार से अधिक कृषक एनपीए की श्रेणी में हैं, लेकिन जागरूकता शिविरों में उनकी भागीदारी नहीं हो रही है। भविष्य में जहां भी कैंप आयोजित हों, वहां संबंधित क्षेत्र के एनपीए खाताधारकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनकी समस्याएं सुनी जाएं और समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत जिले में कुल 1,99,102 खाते खोले गए हैं। वहीं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 1,56,931, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 3,71,058 तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 79,419 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इसके अलावा जिले के स्वयं सहायता समूहों को बैंक से जोड़ते हुए लगभग 4.41 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 16 मामलों में 168.67 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। जिले का सीडी रेशियो 45.82 प्रतिशत से घटकर 44.25 प्रतिशत हुआ है, जबकि प्रायोरिटी सेक्टर एडवांस में 1.36 प्रतिशत और एमएसएमई सेक्टर में 5.90 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। बैठक में केंद्र सरकार की अन्य बैंकिंग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल सहित सभी संबंधित बैंक अधिकारी और अन्य हितधारक उपस्थित रहे।