जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को परिषद अध्यक्ष बबली देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। कई पुराने एवं लंबित मामलों पर अधिकारियों से स्पष्ट जवाब भी तलब किए गए।
बैठक में लोक निर्माण मंडल टौणी देवी के अंतर्गत घोड़लंबर–बाकर खड्ड सड़क की मरम्मत, ग्राम पंचायत धनेटा एवं हथोल में डंगे और वर्षाशालिका निर्माण, भोरंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत धमरोल, भुक्कड़ और लुद्दर महादेव में हैंडपंप स्थापना जैसे अहम मुद्दे उठाए गए।
इसके अतिरिक्त सुजानपुर के खैरी क्षेत्र में ब्यास नदी के किनारे बाढ़ नियंत्रण कार्य, रंगस के समीप हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने, नादौन उपमंडल में पुलिस गश्त बढ़ाने, मोरसू सुल्तानी में रास्ते के अतिक्रमण, विकास खंड बिझड़ी में सोलर लाइटों की मरम्मत तथा हमीरपुर से दिल्ली वाया धनेटा रात्रि बस सेवा आरंभ करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने इन विषयों पर अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में पिछली परिषद बैठक में उठाए गए मुद्दों की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। परिषद द्वारा गत वर्ष नवंबर एवं दिसंबर माह के आय-व्यय तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में किए गए 3.54 करोड़ रुपये के व्यय को अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुमानित आवश्यक बजट को भी स्वीकृति दी गई।
अध्यक्ष बबली देवी ने अपने संबोधन में कहा कि परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे सीधे आम जनता से जुड़े हैं और इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिषद सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक का संचालन जिला परिषद की सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने किया। बैठक में जिला परिषद के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
