सिरमौर जिला में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में दशमेश रोटी बैंक की मुहिम लगातार जारी है। पिछले 8 वर्षों से दशमेश रोटी बैंक जिला सिरमौर के प्रत्येक क्षेत्र में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
इसी क्रम में आज पांवटा साहिब क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में दशमेश रोटी बैंक के माध्यम से आधा दर्जन गांवों में करीब 50 से अधिक जरूरतमंद परिवारों को घर-द्वार पर पहुंचकर महीने भर का राशन उपलब्ध करवाया गया।
मीडिया से बातचीत करते हुए दशमेश रोटी बैंक की वरिष्ठ सदस्य सतिंदर कौर ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाना है। इसमें दो समय का भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दवाइयां तथा गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग शामिल है।
उन्होंने बताया कि दशमेश रोटी बैंक द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे कर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों की पहचान की जाती है, जिसके बाद उन्हें नियमित रूप से महीने भर का राशन घर-द्वार पर उपलब्ध कराया जाता है।
इस अवसर पर पांवटा साहिब के जोगिबन, घुंगलों, नोरंगबाद और धौलाकुआं सहित अन्य गांवों में जरूरतमंद करीब 50 से अधिक परिवारों को आटा, चावल, दाल, चीनी, नमक, रिफाइंड तेल सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई।
दशमेश रोटी बैंक का यह प्रयास जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का सहारा बन रहा है और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को मजबूत कर रहा है।
